लखीमपुर खीरी। नए साल के स्वागत को लेकर शहर के बाजारों में जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिली। खासतौर पर फूल, केक और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने अपनों को शुभकामनाएं देने के लिए फूलों के बुके, मनपसंद केक और आकर्षक गिफ्ट खरीदे।
फूलों की दुकानों पर गुलाब, जरबेरा और ऑर्किड के बुके सबसे ज्यादा पसंद किए गए। छोटे बुके 150 से 250 रुपये में बिके, जबकि बड़े और खास डिजाइन वाले बुके 500 से 1000 रुपये तक के रहे। फूल विक्रेता सोनू, दीपक और सुधीर ने बताया कि शाम होते-होते कई दुकानों पर बुके लगभग खत्म हो गए। शाम ढलते फूल की दुकानाें पर सबसे ज्यादा भीड़ नजर आई।
-
केक और गिफ्ट की दुकानों पर भी रही भीड़भाड़
केक शॉप्स पर भी न्यू ईयर का खास उत्साह दिखा। ब्लैक फॉरेस्ट, चॉकलेट ट्रफल, रेड वेलवेट और पाइनएप्पल केक की सबसे अधिक मांग रही। आधा किलो केक 350 से 450 रुपये और एक किलो केक 650 से 900 रुपये तक बिके। केक विक्रेता निशांत, विक्रम सचदेवा और राजीव ने बताया कि एडवांस ऑर्डर भी अच्छी संख्या में मिले हैं। न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर कई केक शॉप्स देर रात तक खुली रहीं और लगातार ऑर्डर तैयार किए गए।
गिफ्ट आइटम की दुकानों पर ग्रीटिंग कार्ड, टेडी बियर, शोपीस, परफ्यूम और चॉकलेट हैंपर की बिक्री सबसे अधिक रही। युवाओं और कपल्स में खासतौर पर गिफ्ट हैंपर और टेडी बियर का क्रेज देखा गया।
व्यापारियों के अनुसार पिछले वर्ष न्यू ईयर पर फूलों की बिक्री लगभग ढाई लाख रुपये तक पहुंची थी, जबकि इस बार बिक्री में और बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। कुल मिलाकर न्यू ईयर ने बाजार को नई रफ्तार दी है।
नए साल के लिए फूलों की दुकान पर हो रही खरीदारी। संवाद