लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभागों का कार्य पिछड़ने से खीरी की रैंकिंग खराब होने पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ, सीएमओ, परियोजना निदेशक, पर्यटन अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी का अगस्त माह का वेतन रोक दिया है। साथ ही चेतावनी दी कि सुधार नहीं हुआ तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डैशबोर्ड की अगस्त माह की रैंकिंग में जननी सुरक्षा योजना में जिले को 10 में सात नंबर मिले हैं, इससे ग्रेड-बी मिला है। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 10 में आठ नंबर मिले हैं, इसको भी बी-ग्रेड में है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेस टू में जिले को 10 में पांच नंबर मिलने की वजह से ग्रेड सी आया है। इसी तरह राज्य योजना (पर्यटन विकास विभाग से संबंधित निर्माण कार्य) में चार नंबर मिलने से जिला सी ग्रेड में पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जिले को जीरो नंबर मिला है। यह योजना भी सी ग्रेड में है। डीएम ने निर्देश दिया है कि अगर डैशबोर्ड पर सरकारी योजना की रैंकिंग खराब हुई तो अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।