जंगल सफारी के मुख्य प्रवेश द्वार पर बनाया जाता डिसइंफेक्शन पिट। स्रोत : वन विभाग
पलियाकलां। दुधवा के वन्यजीवों को बाहरी संक्रमण और घातक वायरस से बचाने के लिए जंगल सफारी के मुख्य प्रवेश द्वार पर डिसइंफेक्शन पिट बनाया जा रहा है।
कंक्रीट से तैयार हो रहे इस चौकोर गड्ढे में कीटाणुनाशक घोल भरा जाएगा। जंगल में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों को इससे होकर गुजरना होगा। प्रोग्राम इंचार्ज रितिन सैनी ने बताया कि सैलानियों को लेकर आने वाली जिप्सियों और अन्य वाहनों के टायरों से संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। इसे रोकने के लिए पिट में पानी के साथ विशेष कीटाणुनाशक दवाएं मिलाई जाएंगी। सफारी की जिप्सियों समेत जंगल में जाने वाले प्रत्येक वाहन को इससे गुजारा जाएगा।
टायरों को सेनेटाइज करने के बाद ही वाहनों को सफारी क्षेत्र में प्रवेश मिलेगा। प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था से जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र और दुर्लभ वन्यजीवों को बाहरी बीमारियों से बचाने में मदद मिलेगी। यह पहल वन्यजीव संरक्षण और जैव-सुरक्षा की दिशा में अहम कदम है।