लखीमपुर खीरी। भीरा के दो राइस मिलर्स सहित छह लोगों पर धान खरीद के नाम पर 29.19 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित अजय गर्ग ने बताया कि उसकी गर्ग ट्रेडिंग कंपनी के नाम से भीरा में एक फर्म है। सरदार हरभजन सिंह निवासी पंचवटी फार्म, सुंदरनगर, विजय मिश्रा निवासी निकट गन्ना सहकारी समिति भीरा, विपिन गुप्ता निवासी गुलडिया भूप सिंह कोतवाली पूरनपुर (पीलीभीत) के साथ कई सालों से काम करते आ रहे हैं।
जुलाई 2024 में तीनों, सुरेश शर्मा निवासी पिल्लू खेड़ा पंजाब नाम के व्यक्ति के साथ उसकी दुकान पर आए थे। सुरेश शर्मा ने कुछ प्रतिशत पर काम करने की बात कही थी।
सुरेश ने जय भारत राइस मिल्स ग्राम व पोस्ट मषीनगन देवीगढ़ पटियाला, पंजाब व गुरु अमरदास राइस मिल्स बदला मीरानपुर पटियाला पंजाब के मालिक गोगी गर्ग और उनके मैनेजर शिव कुमार शर्मा निवासी पटिया से मिलवाया।
गोगी गर्ग सभी आरोपियों के साथ उसकी कंपनी पर आया और 1800 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीदने की बात कही। कुल 1089.90 क्विंटल धान 1800 रुपये प्रति क्विंटल की दर के हिसाब से 1,96,18,20 रुपये का धान गुरु अमरदास राइस मिल्स बदला मीरानपुर पटियाला पंजाब व कुल 531.8 क्विंटल धान 9,57,240 रुपये का जय भारत राइस मिल्स ग्राम व पोस्ट मषीनगन देवीगढ़ पटियाला पंजाब भेजा गया।
व्यापारियों ने 15 सितंबर तक पूरा भुगतान करने की बात कही थी, लेकिन उक्त लोग भुगतान करने में आना कानी करने लगे। संवाद