गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। लॉकडाउन में रोजेदारों ने जुमे की नमाज घर पर ही अदा की। परिवार के साथ नमाज अदा करते समय सामाजिक दूरी का भी ख्याल रख रहे हैं। मुन्नूगंज में इरम राईन, हिना राईन, मंतशा कुरैशी, रुखसार कुरैशी, आरिशा कुुरैशी आदि ने अपने घर पर ही जुमे की नमाज अदा कर खुदा से कोरोना महामारी को जड़ से खत्म करके मुल्क में अमन चैन की दुआ की।
अमीरनगर रमजान के पवित्र माह में अपनी इबादतों के एहतमाम में प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए रोजदारों ने सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए जुमे की नमाज घरों में अदा कर देश में अमनो चैन के लिए दुआएं मांगी। मस्जिदों में केवल मौलानाओं ने नमाज अदा की।
खीरी टाउन झंडे वाली मस्जिद के पेश इमाम कारी अख्तर रजा ने बताया कि मुकद्दस रमजान में हर मुसलमान कुरान की तिलावत और इबादत करते है। लॉकडाउन के कारण पहली बार ऐसा हुआ है कि रमजान माह में मस्जिदें नमाजियों से गुलजार नहीं हो रहीं। मस्जिदों में पांच लोग सामाजिक दूरी रखकर नमाज अदा कर रहे हैं। इसी के चलते जुमे की नमाज भी लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए अदा की गई। सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी सुनील कुमार, चौकी प्रभारी कौशल कुमार आदि मौजूद रहे।
जुमे पर हैदराबाद पुलिस रही सतर्क
ममरी जुमे की नमाज को लेकर हैदराबाद, मझिगवां, गनेशपुर, चांदामऊ, घरथनियां, ममरी आदि स्थानों की मस्जिदों पर हैदराबाद पुलिस की कड़ी चौकसी रही। ज्यादातर रोजेदारों ने लॉकडाउन का पालन कर अपने घरों में जुमे की नमाज पढ़ कोरोना महामारी के समूल नाश की दुआएं मांगी। एसओ सुनीत कुमार ने बताया कि मस्जिदों में मौलाना के अलावा कोई नमाज पढ़ता नहीं मिला।