शारदीय नवरात्र के सातवें दिन देवी भक्तों ने मां कालरात्रि की अराधना की। दिन भर देवी मंदिर और सार्वजनिक पूजा पंडाल मां के जयकारों से गूंजते रहे। शंख, मृदंग, नगाड़ों और घंटों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्ति से सराबोर हो उठा। जयदेव संगीत विद्यालय में बने सार्वजनिक पूजा पंडाल में स्थापित कालरात्रि की प्रतिमा के सामने रात भर देवी जागरण हुआ। श्रद्धालु रात भर मां का गुणगान करते हुए देवी गीतों और भजनों पर थिरकते रहे।
उधर संकटा देवी मंदिर के कपाट ब्रह्म मुहूर्त में ही खोल दिए गए थे। सुबह चार बजे से ही दर्शनार्थियों का आना शुरू हो गया। सुबह से लगी दर्शनार्थियों की लंबी कतारें दिन भर लगी रहीं। देर रात तक पूजा अर्चना का सिलसिला जारी रहा। इसी मंदिर में बने अस्थाई पूजा पंडाल में देवी जागरण का आयोजन किया गया। जयदेव संगीत विद्यालय विद्यालय में बने सार्वजनिक पूजा पंडाल में भी देवी जागरण का आयोजन किया गया। प्राचीन शीतला देवी और वंकटादेवी मंदिर में भी पूजा अर्चना का दौर जारी रहा।
बांकेगंज। बांकेश्वर महादेव और राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में चल रहे 28वें दुर्गा पूजा समारोह के सातवें दिन श्रद्धालुओं ने मां के कालरात्रि स्वरूप की पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं ने देवी प्रतिमा के दर्शन किए और उन्हें नैवद्य, फल फूल, नारियल और शृंगार सामग्री अर्पित की। दोपहर पूजा स्थल पर सार्वजनिक हवन का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन में आहुतियां डालकर सुख शांति, विश्व और जनकल्याण कामना की। इस दौरान पूजा पंडाल में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दिन भर मंदिर में घंटा घड़ियाल और मां के जयकारों से गूंजते रहे। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। मंदिर में होने वाले हवन की सुगंध और गूंजते घंटा घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण देवी भक्ति से सराबोर हो गया।
ममरी। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन उपवास रखने वाले उपासकों ने सप्तम देवी महाकाली का पूजन कर जयकारे लगाए। इस मौके पर बरगदिया नहर पुल के समीप स्थित माता कालिका देवी के मंदिर और गांव के देवी स्थानों पर पूजन करने वालों का तांता लगा रहा। काली देवी मंदिर में सेविका रेखा देवी वर्मा की ओर से विशेष पूजन की व्यवस्था की गई है।
पलियाकलां। नवरात्र के सातवे दिन माता कालरात्रि की पूजा की गई। शहर के पांडेय बाबा मंदिर, दुर्गा मंदिर, रामजानकी मंदिर, कालरात्रि मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इसके साथ ही कई मोहल्लों में मूर्ति स्थापना हुई। उधर क्षेत्र के मझगईं, भीरा, गौरीफंटा, संपूर्णानगर, महंगापुर, नौगवां, चंदनचौकी सहित आसपास के कस्बों में माता कालरात्रि की पूजा की गई।
मूड़ा सवारान। ग्राम भैंठिया में हो रहे 22वें दुर्गा पूजा समारोह में सातवें दिन श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि का पूजन अर्चन किया। यहां मां वैष्णो दरबार में प्रतिदिन सिद्धि विनायक दुर्गा जागरण पार्टी के कलाकर गीत प्रस्तुत कर रहे हैं तो कुमाऊं मंडल बाबरा एंड पार्टी के कलाकार झांकियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मौके पर सचिन सोनी, राजेश मौर्य, विशाल राठौर, संदीप सोनी, कमलेश गुप्ता, प्रमोद सोनी, अरविंद चौहान, मोनू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।