सोमवार को अलग-अलग दो हादसों में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मैगलगंज में लखनऊ-दिल्ली हाइवे पर अधेड़ को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मैलानी क्षेत्र में गोला-खुटार मार्ग पर एक यात्री बस बिजली के पोल से टकरा गई, जिसमें चालक-क्लीनर घायल हो गया।
मैगलगंज। थाना क्षेत्र के चपरतला गांव निवासी 50 वर्षीय रामकिशन सोमवार की सुबह मैगलगंज आने के लिए पैदल ही गांव से निकला था। लखनऊ-दिल्ली हाइवे पर वह पहुंचा ही था, तभी सीतापुर की ओर से आ रहे ट्रक पीबी 10 बीएक्स 9215 ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अधेड़ की मौत के बाद आस पड़ोस मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को घेरते हुए पकड़ लिया, तभी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष जावेद अख्तर ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं अधेड़ की मौत के बाद देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हाइवे पर जाम लगा दिया। थानाध्यक्ष जावेद अख्तर ने आला अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। पुलिस ने कुछ लोगों की मदद से नाराज ग्रामीणों को समझाने का भरसक प्रयास किया। काफी मशक्कत और आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण माने। इस दौरान करीब आधे घंटे तक हाइवे जाम रहने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई थीं, जिसे पुलिसकर्मियों ने संचालित करवाकर यातायात बहाल करवाया। एसओ ने बताया कि पंप मैनेजर ज्ञानेंद्र सिंह और स्कूल प्रधानाचार्य विजय सिंह ने ग्रामीणों को समझाने में पुलिस का सहयोग किया, जिसके कारण जाम जल्दी खुल सका।
मैलानी। गोला-खुटार रोड पर एक मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे चालक एवं क्लीनर घायल हो गए। नेपाल सीमा स्थित बहराइच के कस्बा रुपइडिहा से एक मिनी बस हरियाणा जा रही थी। इसी बीच दोपहर में अनियंत्रित होकर बस सड़क के साइड में लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे बस का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया और चालक-क्लीनर घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला भेज दिया।