संपूर्णानगर। महंगापुर में दो से चार मार्च तक होने वाले ऐतिहासिक होला महल्ला कार्यक्रम की तैयारियों के लिए पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंध समिति पूरी तरह सक्रिय हैं। गुरुद्वारा नानक प्याऊ और श्री गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकंडरी स्कूल परिसर में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय गुरमत समागम में देश-विदेश से लाखों संगत जुटने की संभावना है।
शुक्रवार देर शाम सीओ पलिया जितेंद्र सिंह परिहार ने थाना प्रभारी कृष्ण कुमार और परसपुर चौकी इंचार्ज हीरालाल के साथ बैठक कर सुरक्षा व यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। बड़ी भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया। बमनगर और गदनीया के पास मुख्य मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने सड़क किनारे दुकानें न लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि यातायात बाधित न हो।
सीओ परिहार ने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंध समिति और सेवादारों के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराया जाएगा। पार्किंग और आंतरिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी गुरुद्वारा वालंटियर संभालेंगे। बैठक में ग्राम प्रधान गुरमीत सिंह, सहायक प्रबंधक सर्वजीत सिंह, शेर सिंह, सुरेंद्र सिंह और राम मिलन राय सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे।