बांकेगंज में उछल-कूद करते बंदर। संवाद।
बांकेगंज। ग्रंट नंबर 10 पंचायत के बांकेगंज कस्बे सहित मुख्य बाजार अमीन नगर, कोठीपुर, स्टेशन पुरवा, महराज नगर, अंबेडकर नगर, श्यामपुर आदि गांवों में बंदरों से ग्रामीण परेशान हैं। हमले के डर से बच्चों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बंदर घरों और दुकानों में घुसकर कपड़े व अन्य सामान उठा ले जाते हैं। झुंड लोगों, खासकर बच्चों को काटने के लिए दौड़ाता है। सरकारी स्कूलों, ब्लॉक मुख्यालय और बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी बंदर दौड़ाते हैं। शशि देवी, सुमन, सरस्वती और राजरानी ने बताया कि बंदरों के कारण छतों पर सामान रखना और कपड़े सुखाना मुश्किल हो गया है।
व्यापारी सचिन टंडन, राहुल माहेश्वरी, नरेश कुमार, मूलचंद्र और अवधराम ने बताया कि सैकड़ों बंदर दुकानों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं और छतों व पेड़ों पर बैठ जाते हैं। परेशान व्यापारियों और ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।
-मामले की जानकारी मिली है। वन विभाग ग्राम पंचायत के सहयोग से बंदरों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ेगा।
सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी, बफरजोन, मैलानी रेंज