लखीमपुर खीरी। सुबह किसी काम से घर से निकले एक युवक को बाइक सवार बदमाशों ने डॉन बॉस्को स्कूल के पास नहर पुलिया पर रोक लिया और पांच हजार रुपये की नकदी और सोने की अंगूठी लूटकर भाग निकले। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस घटना से पूरे दिन इंकार करती रही।
शहर के गढ़ी रोड निवासी प्रशांत अवस्थी सोमवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे किसी काम से जा रहे थे। डॉन बॉस्को नहर पुलिया के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। धमकाकर पांच हजार रुपये की नकदी और सोने की अंगूठी लूट ली और भाग निकले। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस पूरे दिन ऐसी किसी घटना की जानकारी से साफ इंकार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। न ही कोई तहरीर आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बात करते समय मोबाइल झपट ले गए बाइक सवार
शारदानगर। सोमवार को धौरहरा क्षेत्र के गांव भरतपुर निवासी नीरज साइकिल पर सिलिंडर लादकर गैस भरवाने जा रहा था। रास्ते में किसी परिचित का फोन आ गया। वह मोबाइल पर बातें करने लगा। मल्लबेहड़ के पास अचानक पीछे से बाइक से आए दो लोगों ने धमकाते हुए उसका मोबाइल झपट लिया और भाग निकले। पीड़ित के मुताबिक लूटे गए मोबाइल की कीमत करीब दस हजार रुपये है।