पलिया (लखीमपुर खीरी) थाने में खड़े पकड़े गए ई-रिक्शा।
- फोटो : LAKHIMPUR
पलियाकलां। पलिया शहर से मुंबई जाने के लिए आए एक नेपाली युवक ने ई-रिक्शा चालकों पर लूट का आरोप लगाया है। हालांकि नेपाली युवक नशे की हालत में था और कुछ भी सही नहीं बता पा रहा था। उधर, बड़ागांव के लोगों का कहना है कि छह-सात लोग युवक को दो ई-रिक्शा में लेकर जा रहे थे जिसके बाद भीड़ ने उन लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नेपाल के पाताभार निवासी इंद्र बहादुर बिष्ट पुत्र तेग बहादुर मुंबई जाने के लिए नेपाल से पलिया आया था। यहां उसका आरोप है कि दो ई-रिक्शा चालकों ने उसको नशीला पदार्थ खिलाकर उससे हजारों रुपये लूट लिये। उधर, ग्रामीणों ने बताया कि दो ई-रिक्शा में लदे लोगों के साथ नेपाली युवक को बड़ागांव के आगे नसीब सिंह के झाले के पास से उन्होंने पकड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि ई-रिक्शा में छह-सात लोग बैठे थे जिसमें नेपाली युवक भी शामिल था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और नेपाली युवक समेत ई-रिक्शा चालकों व अन्य को पकड़कर थाने ले गए। प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह ने बताया कि नेपाली युवक काफी नशे में हैं, जिसके खाने-पीने का इंतजाम पुलिस ने किया है। नशा उतरने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मामले में आगे छानबीन होगी। मामले में ई-रिक्शा चालकों से भी पूछताछ की जा रही है।