लखीमपुर खीरी। आईटीआई मैदान राजापुर में लगने वाले एक दिवसीय रोजगार मेला की तैयारियों का बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर डॉ अरुण कुमार सिंह ने जायजा लिया। शुक्रवार को लगने वाले रोजगार मेले में विभिन्न आयु वर्ग एवं शैक्षिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए 35 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और तीन हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगी। इन कंपनियों में मेगा माइंड्स सॉल्यूशंस, इक्वा ह्यूमन कैपिटल, सुमित्रा डीएस मोटर्स, जी एस सॉल्यूशंस, नपीको ऑटो एंड इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, माइक्रोटेक ग्रुप आदि प्रमुख कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इसके अलावा लखीमपुर की स्थानीय कंपनियां जैसे मूसाराम इंटरप्राइजेज, सिंह होंडा, एकेसी ऑटो प्राइवेट लिमिटेड, सोनी मोटर्स भी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगी। इससे पूर्व डायट प्रशिक्षण कक्ष में ड्यूटी में लगाए गए सभी प्रभारी अधिकारियों व कार्मिकों के साथ कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक एवं डायट प्राचार्य डॉ ओम प्रकाश गुप्ता व प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए गए।
गन्ना विभाग ने भी नौकरियां देने के लिए 19 तक आवेदन मांगे
लखीमपुर खीरी। गन्ना विभाग ने उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ और राज्य चीनी निगम की चीनी मिलों में युवाओं को नौकरी दिलाने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से 19 फरवरी 2021 तक आवेदन जमा करने के लिए कहा है। जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश कुमार पटेल ने बताया कि सहकारी क्षेत्र की मिलों, आसवन इकाई व कोजन संयत्र और निगम की चीनी मिलों के कुशल संचालन के लिए प्रधान प्रबंधक, मुख्य अभियंता, मुख्य लेखाकार, मुख्य गन्ना प्रबंधक समेत तकनीकी पदों पर संविदा के माध्यम से पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सहकारी मिलों में कुल 93 और राज्य निगम की मिलों में कुल 72 पदों पर भर्ती की जानी है, जिसका विवरण और आवेदन का प्रारूप वेबसाइट यूपीएसयूजीसीओआरपी डॉट कॉम या यूपीसीएएनई डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध है। संवाद