लखीमपुर खीरी। लखीमपुर डिपो ने बेहजम, नीमगांव, सिंकदराबाद होते हुए बरेली तक शुरू की गई रोडवेज बस सेवा बंद कर दी। ये फैसला रूट पर पर्याप्त सवारियां न मिलने के कारण लिया गया है। ऐसे में अब एक बार फिर से नीमगांव कस्बा बिना बस के हो गया।
रक्षाबंधन के आसपास ही इस रूट पर बस का संचालन शुरू किया गया था, जो ठीक से दो माह भी नहीं चला। नीमगांव एक ऐसा कस्बा है, जहां न तो सरकारी बस सेवा है और न ही प्राइवेट। मैजिक वाहन ही एकमात्र सहारा हैं, जो क्षमता से अधिक सवारियां ले जाकर फर्राटा भरते हैं। रक्षाबंधन पर लखीमपुर डिपो ने बेहजम, नीमगांव, सिंकदराबाद, अमीरनगर, मोहम्मदी, शाजहांपुर, बरेली के लिए बस सेवा शुरू की थी।
लखीमपुर डिपो से चलकर यह बस सुबह छह बजे नीमगांव पहुंचती थी। इसके बाद बरेली जाती थी, लेकिन पर्याप्त सवारियां न मिलने से इस सेवा को बंद करना पड़ा। इससे नीमगांव के लोग फिर से डग्गामार वाहनों के सहारे हो गए हैं।
लखीमपुर डिपो इंचार्ज सहदेव वर्मा ने बताया कि लोड फैक्टर कम होने से डिपो ने इसको फिलहाल रोक दिया है। डिपो से बरेली जाने के लिए सुबह सात बजे बस है, जो गोला होकर जाती है।