जीजीआईसी के सामने वाली जर्जर सड़क। संवाद
लखीमपुर खीरी। शहर में जर्जर सड़क से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सीतापुर आंख अस्पताल से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) के सामने होते हुए दुखहरण नाथ मंदिर तिराहे तक डामर सड़क का निर्माण जल्द शुरू हो सकता है। नगर पालिका परिषद ने 21.53 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया था। अब इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और बारिश थमने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
करीब 230 मीटर लंबा यह मार्ग शहर के व्यस्त रास्तों में शामिल है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, मरीजों और अन्य लोगों का आवागमन होता है। सड़क जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर जीजीआईसी आने-जाने वाली छात्राओं और सीतापुर आंख अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को दिक्कत होती है।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बारिश के कारण काम शुरू नहीं हो सका था। अब मौसम साफ होने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकता है। सड़क बनने से इस मार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ आस-पास के लोगों और व्यापारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।