सलेमपुर कोन गांव के मुख्य मार्ग पर सड़क की हो रही मरम्मत। संवाद
लखीमपुर खीरी। सोशल मीडिया पर छात्रा मानवी सिंह की शिकायत के बाद सलेमपुर गांव में सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार सुबह से खड़ंजा मार्ग को दुरुस्त करने का काम कराया जा रहा है।
ग्राम प्रधान विद्योतमा देवी ने बताया कि करीब 110 मीटर लंबी सड़क कई जगह से उखड़ गई थी। गड्ढों और जलभराव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। गांव की एक बच्ची ने वीडियो बनाकर समस्या सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसके बाद जिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।
फिलहाल जिन हिस्सों में सड़क खराब हो गई थी या पानी भरता था, वहां ईंटें निकालकर दोबारा सही तरीके से खड़ंजा लगाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मरम्मत कार्य शुरू होने से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।