धिरावां से ग्राम खोखाय को जाने वाले खस्ताहाल मार्ग को बनवाने की वर्षों से मांग करते आ रहे ग्राम पंचायत बेहड़ा मुल्तान के ग्रामीणों ने रोड को चुनावी मुद्दा बनाकर जिला पंचायत के चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय किया है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को शपथपत्र के साथ भेजे गए मांग पत्र में ग्राम पंचायत बेहड़ा मुल्तान के विजय कुमार, सुंदरलाल, उदित कुमार, राजेश, रामेश्वरदयाल, देवेंद्र, रामनरेश, तुलाराम, हरिराम, सत्यप्रकाश, पार्वती देवी, पिंकी देवी, मीना देवी, प्रमोद कुमार आदि का कहना है कि धिरावां से खोखाय को जाने वाले मार्ग की हालत खस्ता है जिस पर पैदल निकलना भी दूभर है। मार्ग का जीर्णोंद्धार कराने के लिए पहले पूर्व विधायक अरविंद गिरि फिर सपा विधायक विनय तिवारी, उसके बाद जिला पंचायत सदस्य हरिकिशोर से लगातार मांग की जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अब तक किसी ने रोड बनवाना उचित नहीं समझा है। नेताओं की वादा खिलाफी से गुस्साए क्षेत्रवासियों ने इस बार के जिला पंचायत चुनाव में इस रोड को चुनावी मुद्दा बनाकर मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय किया है। ग्रामीणों का कहना है कि रोड नहीं तो वोट नहीं लिखित बैनर लगाकर प्रदर्शन भी किया जाएगा। साथ ही वोट मांगने वालों का बहिष्कार किया जाएगा।