लखीमपुर खीरी। शहर में इमली चौराहे से आनंद सिनेमा चौराहे तक लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क का पुनर्निर्माण शुरू हो गया है। 830 मीटर लंबे इस मार्ग पर नगर पालिका 27 लाख 84 हजार रुपये खर्च कर रही है।
दिन में यातायात और आवागमन प्रभावित न हो तथा जाम न लगे, इसके लिए रात में डामरीकरण कराया जा रहा है। सड़क की एक तरफ डामर बिछाने का काम पूरा हो गया है। अब तक करीब 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सड़क बनने से मेला आने-जाने वालों को भी राहत मिलेगी।
इमली चौराहे से आनंद सिनेमा चौराहे तक सड़क लंबे समय से खराब थी। जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। गड्ढों से बचकर निकलना चुनौती बना हुआ था। नगर पालिका ने पहले गड्ढों की पैचिंग कराकर अस्थायी मरम्मत भी कराई थी, लेकिन इससे समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद सड़क के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया पूरी की गई।
नगर पालिका की जेई समरा सईद ने बताया कि यातायात और आवागमन में दिक्कत न हो तथा जाम की स्थिति न बने, इसके लिए रात में सड़क निर्माण कराया जा रहा है। सड़क की एक तरफ डामर बिछाने का काम पूरा हो गया है। अब तक करीब 50 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। शेष हिस्से में भी निर्माण कराया जा रहा है।
बहुत दिन से शहर की कुछ सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही थी, जिसे पूरा करा लिया गया है। शासन से मंजूरी भी मिल गई है। इसी क्रम में इमली चौराहे से मेला मैदान तक सड़क निर्माण शुरू हो गया है। जल्द ही आर्यकन्या चौराहे से बक्शा मार्केट होते हुए मेला रोड और आनंद सिनेमा चौराहे से गढ़ी रोड तक की सड़कें बनाई जाएंगी।
-डॉ. इरा श्रीवास्तव, पालिका अध्यक्ष, लखीमपुर
दस साल के इंतजार के बाद बैदा खेड़ा-मझिगवां मार्ग पर काम शुरू
ममरी। करीब दस साल के इंतजार के बाद बैदा खेड़ा से मझिगवां जाने वाले पांच किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण का काम शुरू हो गया है। जर्जर सड़क से परेशान क्षेत्रवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मार्ग की हालत इतनी खराब हो गई थी कि इस पर साइकिल से निकलना भी दूभर था।
करीब 12 साल पहले मंडी समिति गोला के जरिये बैदा खेड़ा से पिपरिया, बेलवा और मूडा विष्णु होते हुए मझिगवां तक इस मार्ग का निर्माण कराया गया था। रखरखाव के अभाव में सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। ग्रामीण लंबे समय से इसके पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे।
वर्ष 2024 में सड़क बनवाने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत मूडा विष्णु, बेलवा, मझिगवां और मुगला खेड़ा के ग्राम प्रधानों व ग्रामीणों ने एकजुट होकर चुनाव में मतदान का बहिष्कार कर दिया था। उस समय अधिकारियों ने सड़क का निर्माण जल्द कराने का लिखित आश्वासन दिया था। अब मंडी समिति गोला के सौजन्य से मार्ग का निर्माण शुरू होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी है।
मंडी समिति के जेई ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि गड्ढों से भरे मार्ग का पहले जेसीबी से समतलीकरण कराया जाएगा। इसके बाद नए सिरे से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने भी सड़क का निर्माण शुरू कराए जाने की पुष्टि की है।
बैदा खेड़ा मझिगवां मार्ग का समतली कारण करती जेसीबी। संवाद