बांकेगंज मार्केट की रोड जिले के नक्शे से ही गायब
अभिलेखों में गुम हुई सड़क, न बन पाने से परेशान हैं, व्यापारी और कस्बे के लोग
कस्बे की मुख्य सड़क न केवल कस्बे से ही नहीं जिले के नक्शे से ही गायब है। इस सड़क को बनवाने के लिए न तो लोक निर्माण विभाग और न ही जिला पंचायत तैयार है। दोनों ही विभाग सड़क को अपने नक्शे में न होने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।
गोला और पीलीभीत-बस्ती हाइवे से लिंक बांकेगंज मेन बाजार से गुजरने वाली सड़क का निर्माण नौ-दस साल पहले जिला पंचायत ने कराया था। अब तक यह सड़क धीरे-धीरे टूटकर महज गलियारा बनकर रह गई है। इस रास्ते पर गड्ढे में पूरी सड़क ही समा गई है। जब लोक निर्माण विभाग से इस बाबत कहा गया तो लोक निर्माण विभाग ने बताया कि यह सड़क उनके नक्शे में ही नहीं है। उधर जिला पंचायत के अभिलेखों में भी इसका कोई रिकार्ड नहीं है। इससे रोड का निर्माण अधर में लटका है।
बांकेगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद माहेश्वरी, उपाध्यक्ष सतीश चंद्र गोयल, कोषाध्यक्ष अनिल टंडन, विनोद गोयल, हरीकिशन गोयल, वेद प्रकाश गुप्ता आदि का कहना है कि सड़क का निर्माण न होने से सड़क टूटकर गायब हो गई है। मेन मार्केट की सड़क से होकर मरीज, तीमारदार और प्रसूता महिलाएं सीएचसी जाती हैं। सड़क टूटी होने के कारण गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोग और प्रसूता महिलाएं हिचकोले खाते हुए सीएचसी पहुंचती हैं। कई सालों से टूटी सड़क पर लोगो का निकलना दूभर हो गया है। इसको लेकर लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही है। मुख्य बाजार की टूटी पड़ी सड़क लोगों को मुंह चिढ़ाती नजर आ रही है। शिकायत के बावजूद लोक निर्माण और जिला पंचायत के कान पर जू नहीं रेंग रही। परेशान लोगों और व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को एक शिकायती पत्र भेजकर जर्जर सड़क को बनवाने की मांग की है।
बांकेगंज मुख्य बाजार की रोड विभाग के डीटूआई (मार्ग परिलेख) नक्शे में नहीं है। जिससे रोड का निर्माण और गड्ढा मुक्त नहीं कराया गया।
जोगेंद्र सिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग खंड, तीन, खीरी।
जिला पंचायत के अभिलेखों के मुआयने में बांकेगंज मेन मार्केट रोड का निर्माण दस साल पहले कराया था। बजट के अभाव में मेंटीनेंस नहीं कराया गया। सरकार के निर्देशों के तहत निश्चित अवधि के अंदर रोड को गड्ढा मुक्त कराई जाएगी।
संजीव श्रीवास्तव, जेई, जिला पंचायत, खीरी।