मैगलगंज। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉपर के दामों में वृद्धि का सीधा असर स्थानीय इलेक्ट्राॅनिक व्यापार पर पड़ा है। क्षेत्र में पहले रोजाना लगभग ढाई लाख रुपये का कॉपर तार का कारोबार होता था, जो अब करीब एक लाख रुपये तक सिमट गया है।
दुकानदारों का कहना है कि महंगे कॉपर के कारण माल कम मंगाना पड़ रहा है और ग्राहक ऊंचे दाम सुनकर खरीदारी से बच रहे हैं। इससे घरों की वायरिंग से लेकर दुकानों और शोरूम की वायरिंग तक प्रभावित हो रही है। व्यापारी चेतावनी दे रहे हैं कि यदि दामों में जल्द राहत नहीं मिली, तो नुकसान और बढ़ सकता है।
दुकानदार प्रसून गुप्ता ने बताया, पहले रोज बड़ी मात्रा में कॉपर तार मंगवाते थे और स्टॉक रखते थे, अब महंगे दामों की वजह से बिक्री आधी से भी कम रह गई है।
दुकानदार अंकित गुप्ता ने कहा, कॉपर लगभग हर इलेक्ट्रॉनिक सामान में इस्तेमाल होता है। जब तार महंगा हो गया, तो बाकी सामान भी महंगा पड़ा। पहले रोज अच्छी बिक्री होती थी, अब मुश्किल से खर्च निकल पा रहा है।