जिले भर में दोपहर बाद हुई बारिश से तापमान में और ज्यादा गिरावट आ गई है। कई दिनों से चल रही गुलाबी ठंड में इजाफा हो गया है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह से आसमान में बादल छाए थे। इससे दिन भर सूरज के दर्शन नहीं हुए। दोपहर बाद करीब दो बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिले में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की सूचना मिली है। बारिश के पहले चली सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है।
बांकेगंज। कस्बे में दोपहर दो बजे आसमान में छाए घने बादलों के बीच आधा घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश से मोहल्लों की गलियों में जल निकास की समस्या और जर्जर कुकरा रोड पर बने गहरे गड्ढों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को सड़कों पर भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के साथ चली हवाओं से ठंड में इजाफा हो गया।
कस्बा में दोपहर बादलों की गड़गड़ाहट के बीच आधा घंटा तक लगातार बारिश हुई। इसके बाद शाम चार बजे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश के साथ बादलों की तेज गड़गड़ाहट से लोग ओलावृष्ट्रि की आशंका के चलते सुरक्षित स्थानों पर बैठ कर देर तक बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए। बारिश रुकने के बाद ही लोग अपने घरों को रवाना हुए।
मैलानी। हफ्ते भर बाद ही यहां फिर बारिश होने से मौसम का मिजाज और बदल गया है। पिछले बृहस्पतिवार को अपराह्न में यहां अच्छी बारिश होने के साथ ही ओले भी गिरे थे। आज फिर सुबह से ही आसमान में बादल छा गए। दोपहर बाद घने काले बादलों ने डेरा जमा लिया और दो बजे एकदम अंधेरा हो गया फिर बारिश हुई। पंद्रह मिनट तक ठीकठाक बारिश हुई। बारिश से मौसम में सर्दी और बढ़ गई। हफ्ते भर के भीतर ही दूसरी बार बारिश होने से मटर, लाही और मसूर की फसल को नुकसान हुआ है। वहीं गेहूं की फसल की भी बुआई लेट हो रही है।