ममरी। गांव देवकली में नाली निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। उन्होंने ठेकेदार पर मनमाने ढंग से काम रोकने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग ने जड़ौरा से देवकली होते हुए गोला तक नौ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण सितंबर में कराया था। इसके बाद सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण शुरू हुआ, लेकिन कुछ दूरी तक काम करने के बाद ठेकेदार ने निर्माण रोक दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी नाली के कारण बरसात में पानी घरों में घुसने की आशंका है, जब ठेकेदार से कार्य पूरा करने के लिए कहा गया तो उसने आगे काम करने से इनकार कर दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने पूरी नाली निर्माण की मांग की।
लोक निर्माण विभाग के जेई सुशील कुमार ने बताया कि गांव के अंदर नाली निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, इसलिए कार्य रोका गया है। यदि ग्रामीण नाली बनवाना चाहते हैं तो सर्वे के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।