नकहा ब्लॉक का मामला, वीडियो वायरल होने के बाद एडीओ ने दर्ज कराई रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी। नकहा ब्लॉक में एनआरएलएम के ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) द्वारा महिला समूह से रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद एडीओ आईएसबी ने आरोपी बीएमएम के खिलाफ खीरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नकहा ब्लॉक में तैनात बीएमएम अब्दुल शावेज खां ने कुछ दिन पहले महिला समूह से उनकी फाइल पर हस्ताक्षर करने के लिए 10 हजार रुपये मांगे थे, जिसका वीडियो महिला समूह की किसी सदस्य ने बना लिया था। इसके बाद इस मामले की शिकायत जिला मिशन प्रबंधक वरुण गुप्ता से की गई, जिसके बाद उन्होंने जांच में आरोपों को सही पाया। वीडियो में खुलेआम शावेज महिला समूह की सदस्य से 10 हजार रुपये की मांग कर रहा है। इस मामले में समूह सखी सीमा दुबे, खुशबू तिवारी आदि ने शिकायत करते हुए बताया था कि बीएमएम द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है।
आरोपों की पुष्टि होने पर सीडीओ ने नकहा बीडीओ को आरोपी कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। इसके बाद एडीओ आईएसबी अनुराग पांडेय ने खीरी थाने में आरोपी अब्दुल शावेज खां के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।