लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के ग्राम गोल्हापुर में चार दिन पहले बच्चों के विवाद में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें कुल 17 लोगाें को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस को दी तहरीर में गांव गोल्हापुर निवासी दिलशाद ने बताया कि बीते दिनों गांव के ही नफीस व इबरार के बच्चों के बीच विवाद हो गया था। लोगों की मदद से बीच-बचाव करते विवाद शांत करा दिया गया था। बताया कि पांच जुलाई की रात वह ताजियों को चौक पर लाने की तैयारी कर रहा था कि तभी नफीस, रहीस, इस्लामुद्दीन, अजमत, छोटू, राशिद, हामिद और शाहिद लाठी, डंडा सहित अन्य धारदार हथियार लेकर आदि लेकर आए और मारने पीटने लगे।
उक्त दबंग लोगों ने घर के ही आसिफ, राशिद पुत्र मुंसाद, शाहजेब, पत्नी शीबा को पीटा। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। भीड़ एकत्र होते देख आरोपी भाग गए। उधर, दूसरे पक्ष साजिद ने पहले पक्ष के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि चार जुलाई को बच्चों के बीच कहासुनी हो गई थी।
इसके बाद से आरिफ तमंचा लेकर आया और जान से मार देने की धमकी देने लगा। जानकारी होने पर वह अपने चचेरे भाई नफीस व इस्लामुद्दीन के साथ आरोपी आरिफ से पूछने गए तो आरिफ, कासिम, आशिफ, दानिश, राशीद, आजाद, गुरसाद, दिलशाद और शादाब ने चचेरे भाई नफीस, इस्लामुदीन आदि को मारना पीटना शुरू कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर आठ तो दूसरे पक्ष की ओर से नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी हेमंत राय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।