धार्मिक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को एक संप्रदाय के लोगों ने शहर के पुराने एसपी बंगला के सामने विरोध प्रदर्शन कर हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष का पुतला फूंका। इसके बाद सभा हुई, फिर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा गया। ज्ञापन में टिप्पणी करने वाले एक संगठन के नेता कमलेश तिवारी आदि पर कार्रवाई की मांग की गई। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएससी के जवान तैनात रहे।
शुक्रवार को सुबह से ही एक संप्रदाय के लोगों ने दुकानें नहीं खोलीं। इससे सब्जी मंडी, खपरैला बाजार पूरी तरह बंद रहा, जबकि मेन रोड सहित हर इलाके की दुकानें बंद रहने से सन्नाटा नजर आया। जुमे की नमाज के बाद शहर के प्रत्येक मार्ग से संप्रदाय विशेष के लोग पुराना एसपी बंगला पहुंचे, जहां टिप्पणी करने वाले एक संगठन के नेता का पुतला फूंका गया।
निघासन और महेवागंज में भी हुआ विरोध प्रदर्शन
निघासन। धार्मिक टिप्पणी के विरोध में यहां जमकर प्रदर्शन हुआ और जमीयत उलमा ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार राम नारायन को सौंपा। वहीं, महेवागंज में समुदाय विशेष के लोग शुक्रवार की सुबह जुलूस की शक्ल में सड़क पर आ गए। विरोध कर रहे लोगों ने बाजार बंद कराना शुरू कर दिया। डेढ़ घंटे तक दुकानें बंद कराने के बाद लखीमपुर से आए मौलाना की सलाह पर सभी लोग शहर की ओर रवाना हो गए।
पुलिस पर पक्षपात
करने का आरोप
लखीमपुर खीरी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस मामले पर बैठक कर पुलिस पर पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। विहिप के विभाग मंत्री आचार्य संजय मिश्र ने कहा कि सरकार और पुलिस की दोहरी नीति समाज में अराजकता फैला रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई करने के मामले में भेदभाव करती है। बैठक में बजरंग दल के अनुज तिवारी एवं आलोक मिश्रा ने कहा कि छह दिसंबर को शौर्य दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। बजरंग दल श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर भव्य राम मंदिर के निर्माण का संकल्प लेगा। इसमें सभी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।