बनकर तैयार हुई जीजीआईसी के सामने वाली सड़क। संवाद
- फोटो : ARchive
लखीमपुर खीरी। जीजीआईसी के सामने से गुजरने वाले लोगों को अब गड्ढों से भरी जर्जर सड़क से राहत मिल गई है। लंबे समय से बदहाल इस सड़क पर नगर पालिका ने 22 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण करा दिया है। 230 मीटर लंबी सड़क पर डामरीकरण का काम पूरा हो चुका है। हालांकि सफेद पट्टियां बनाने का काम अभी बाकी है।
कचहरी रोड स्थित सीतापुर आंख अस्पताल तिराहे से जीजीआईसी के सामने होते हुए दुखहरण नाथ मंदिर तिराहे तक सड़क की हालत लंबे समय से खराब थी। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा सवारों को परेशानी होती थी। कई बार ई-रिक्शा तक पलट चुके थे। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनका अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता था।
जीजीआईसी के अलावा सनातन धर्म सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज समेत कई स्कूलों के बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में जर्जर सड़क से उन्हें भी जोखिम उठाना पड़ता था। डामरीकरण पूरा होने के बाद अब राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में राहत मिलेगी।
बारिश का मौसम थमने के बाद नगर पालिका ने शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत और निर्माण का काम शुरू कराया है। पिछले सप्ताह इमली चौराहे से मेला मैदान चौराहे तक 830 मीटर सड़क का करीब 28 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कराया गया था। दोनों सड़कों पर सफेद पट्टियां बनाने का काम शेष है।
नगर पालिका की जेई समरा सईद ने बताया कि जीजीआईसी के सामने सड़क पर डामरीकरण का काम पूरा हो चुका है। बारिश के कारण आगे का काम प्रभावित हुआ है। मौसम ठीक रहने पर एक-दो दिन में शेष काम करा दिया जाएगा। सड़क पर सफेद लाइन डालने का काम बाकी है।