भाजपा की पांच सदस्यीय कमेटी ने शहर के घटनाक्रम की हर पहलू से की जांच
डीएम की भूमिका और निष्पक्षता पर कमेटी ने उठाए सवाल
प्रदेश अध्यक्ष को जांच रिपोर्ट सौंपने के बाद होगा आरोपों का खुलासा
धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के आरोपों की प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या द्वारा गठित पांच सदस्यीय कमेटी ने की है। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने अमन-चैन कायम रखने में सभी के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मौकों पर जिला प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। यदि संजीदगी से प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करता तो लोगों में आक्रोश नहीं फैलता। उन्होंने मुजफ्फरनगर के कवाल की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी जिला प्रशासन ने निष्पक्षता से कार्रवाई नहीं की थी, जिससे लोगों में असंतोष फैला और परिणाम सबने देखा।
वीडियो वायरल करने के मामले में आरोपियों को कोर्ट न भेजकर सीधे जेल भेजने से नाराज लोगों ने पिछले बृहस्पतिवार (दो मार्च) को विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद रात को भीड़ के बवाल के बाद शहर में कर्फ्यू लगाया गया, जिसके बाद बुधवार को भाजपा नेता की भतीजी से छेड़खानी की घटना से फिर माहौल तनावपूर्ण हुआ। इस घटनाक्रम के दौरान भाजपा नेताओं पर मुकदमे और लाठीचार्ज के मामले को भाजपा नेतृत्व ने गंभीरता से लिया। प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या के निर्देश पर बृहस्पतिवार को पांच सदस्यीय कमेटी जांच करने लखीमपुर पहुंची। कमेटी में शामिल प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, निवर्तमान विधायक बाला प्रसाद अवस्थी, रोमी साहनी, उन्नाव के विधायक पंकज गुप्ता और क्षेत्रीय महामंत्री दिनेश तिवारी ने जिलाध्यक्ष शरद वाजपेयी के साथ घटनाक्रम और प्रशासन की भूमिका पर विचार विमर्श किया। गोली लगने से घायल हुए सचिन गुप्ता के परिवार वालों से मुलाकात की। जेल में निरूद्ध भाजपा नेता विनोद गुप्ता की पत्नी वंदना गुप्ता से कमेटी ने कार्यालय पर बातचीत की। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने पत्रकारों से वार्ता में जांच रिपोर्ट को गोपनीय बताते हुए इशारों में कहा कि छोटी-छोटी घटनाएं भी बड़ा विवाद का रूप ले लेती हैं, जिसमें कहीं न कहीं प्रशासन की लापरवाही नजर आती है। उन्होंने कहा कि घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की गई है, लेकिन डीएम और एसपी के शहर से बाहर होने के कारण प्रशासन का पक्ष नहीं मिल सका। जेल में निरूद्ध विनोद गुप्ता से मुलाकात करने की अनुमति नहीं दी गई। पाठक ने जीत का दावा करते हुए कहा कि 11 मार्च को आने वाले नतीजों के बाद भाजपा की सरकार बनेगी। तब कानून-व्यवस्था को दुरुस्त होगी।
-------
डीएम पर प्रत्याशी को धमकाने का आरोप
जांच दल की अगुवाई कर रहे प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने जांच रिपोर्ट का खुलासा तो नहीं किया, लेकिन कुछ मामलों का जिक्र कर जिला प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतगणना सुचारू रूप से संपन्न कराने की व्यवस्था की गई है, लेकिन खीरी के डीएम ने एक प्रत्याशी को धमकाते हुए कहा कि देखेंगे तुम कैसे निर्वाचित होते हो। इससे संकेत स्पष्ट है कि जांच कमेटी के निशाने पर जिला प्रशासन आ गया है।
-------
इन नेताओं की रही मौजूदगी
निघासन प्रत्याशी रामकुमार वर्मा, लखीमपुर प्रत्याशी योगेश वर्मा, मीडिया प्रभारी रमेश मिश्रा, उमाशंकर मिश्रा, दीपक पुरी, अनुराग मिश्रा आदि मौजूद रहे।