डकैती के खुलासे से संतुष्ट नहीं है मंगल ढिल्लो के परिवार वाले, उठाए कई सवाल
फिल्म अभिनेता मंगल ढिल्लो के भाईयों के घर पड़ी डकैती का बरेली पुलिस ने भले ही खुलासा कर दिया हो, लेकिन परिवार के लोग इस खुलासे से संतुष्ट नहीं हैं। परिवारवालों का कहना है कि पुलिस ने माल बरामद करने का दावा तो किया है, लेकिन उन्हें बुलाकर न ही बरामद माल की पहचान कराई और न ही बदमाशों की शिनाख्त कराई है। परिवारवालों ने खुलासे पर कई सवाल उठाए हैं, जिनका पुलिस भी जवाब नहीं दे पा रही है।
कस्बे के ढखेरवा रोड स्थित अमर सिंह ढिल्लो और रामसिंह ढिल्लो के घर पहली जुलाई की रात बदमाशों ने डाका डाला था। दोनों के परिवार वालों को बांधकर पिटाई की थी। विरोध करने पर अमर सिंह को पेचकस से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बदमाश दोनों घरों से करीब 25 लाख का माल लूट ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान और उनके दोनों पुत्र समेत आठ- दस बदमाशों के खिलाफ डकैती की रिपोर्ट दर्ज की थी। दो दिन पहले बरेली पुलिस ने बड़ी संख्या में जेवर और नकदी समेत बदमाशों को पकड़े जाने का दावा किया था।
बरेली पुलिस का यह भी दावा था कि निघासन में दो भाइयों के घर हुई डकैती की घटना पकड़े गए बदमाशों ने की थी। पुलिस ने लूटे गए जेवर भी बरामद होने की बात कही थी, लेकिन पीड़ित परिवार पुलिस के दावे से संतुष्ट नहीं हैं। परिवालों का कहना है कि पुलिस ने उन्हें बुलाकर बरामद माल और बदमाशों की शिनाख्त भी नहीं कराई है। साथ ही तीन दिन बाद भी सिंगाही और क्राइम ब्रांच की टीम ने घर वालों से कोई संपर्क नहीं किया है। उन्होंने खुलासे पर कई सवालिया निशान लगाए हैं। उन्होंने क्षेत्रीय बदमाशों के होने और उनके मुखबिर को पकड़ने की मांग एसपी से की है। उधर मंगल ढिल्लो ने भी पुलिस के खुलासे पर संदेह व्यक्त किया है। एसओ अजय यादव ने बताया कि मामले में कई अन्य बदमाश शामिल हैं। शीघ्र ही अन्य बदमाशों को पकड़कर सारा मामला आईने की तरह साफ किया जाएगा।