तिकुनिया। ऐपजा पत्रकार संघ के नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को खेले गए दो मुकाबलों में रमुवापुर और सौरभ इलेवन ने जीत दर्ज की। राजा और तनू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले मुकाबले में सरफराज इलेवन के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रमुवापुर ने पांच विकेट पर 94 रन बनाए। राजा ने 47 रन बनाए, जबकि सरफराज इलेवन की ओर से दिलशाद ने दो विकेट लिए।
जवाब में सरफराज इलेवन आठ विकेट पर 60 रन ही बना सकी। अंकित ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। रमुवापुर ने मैच 34 रन से जीत लिया। राजा को मैन ऑफ द मैच की शील्ड दी गई।
दूसरे मुकाबले में शाहनवाज इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 82 रन बनाए। आकाश ने 33 और तेजपाल ने 24 रन बनाए। जवाब में सौरभ इलेवन ने तनू (31) और टेनी (29) की बदौलत चार विकेट पर जीत की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान एक गेंद को लेकर शाहनवाज इलेवन ने अंपायर से विवाद कर मैदान छोड़ दिया। कमेंटेटर के बार-बार बुलाने के बावजूद टीम वापस नहीं लौटी, जिस पर अंपायर और आयोजकों ने सौरभ इलेवन को विजेता घोषित कर दिया। तनू को मैन ऑफ द मैच की शील्ड प्रदान की गई।