लखीमपुर खीरी। युवक को 10 दिनों तक अवैध रूप से हिरासत में रखना रामापुर चौकी इंचार्ज की गले की फांस बन गया। अमर उजाला में छपी खबर के बाद एसपी ने रविवार को जांच कराई तो बात सही निकली। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी इंचार्ज गौरव सिंह को निलंबित कर दिया है। सीज कार के पार्ट्स बदलकर अपनी कार में लगाने का एक और मामला संज्ञान में आने पर उसकी भी जांच शुरू कराई है। चौकी इंचार्ज के इन कारनामों के लपेटे में प्रभारी निरीक्षक भी आ गए हैं। एसपी ने उनके खिलाफ भी जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस चौकी रामापुर क्षेत्र के गांव दुधौहा निवासी हजरत अली का 15 वर्षीय पुत्र चांद बाबू सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गया था। सुबह पांच बजे गांव के निकट वह झुलसा मिला था। अस्पताल में कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई थी। अमर उजाला ने इस खबर को पहली जुलाई के अंक में ‘संदिग्ध हालात में गांव के किनारे झुलसा मिला किशोर, मौत’ छापी थी। खबर छपने पर चौकी इंचार्ज ने गांव के ही एक व्यक्ति इबरार को हिरासत में ले लिया था। दूसरे दिन परिवार वालों ने आरोपी के खिलाफ जिंदा जलाने की तहरीर पुलिस को दी थी। इसके बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। इस खबर को भी दो अगस्त को ‘मोबाइल के विवाद में जिंदा जलाया गया था किशोर’ खबर छापी थी, लेकिन पुलिस ने न तो आरोपी का चालान किया और न ही उसे छोड़ा। सात अगस्त को अमर उजाला ने ‘हफ्ते भर से चौकी पर बैठाया न चालान भेज रही न छोड़ रही पुलिस’ खबर प्रकाशित की। खबर को संज्ञान में लेकर रविवार को एसपी सत्येंद्र कुमार सिंह ने मामले की जांच कराई। जांच में खबर की पुष्टि होने पर एसपी ने चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्र के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए।
सीज कार के पार्ट्स बदलने का मामला भी चर्चा में
चौकी इंचार्ज रामापुर गौरव सिंह की एक साल पहले सदर कोतवाली में तैनाती थी। इस दौरान वह अपने कारनामों को लेकर काफी चर्चा में रहे थे। चौकी इंचार्ज रामापुर बनने के बाद भी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि चौकी पुलिस ने छह महीने पहले एक स्विफ्ट डिजायर कार सीज की थी, जिसे चौकी इंचार्ज ने चौकी से हटाकर अन्य स्थान पर खड़ा कराया। आरोप है कि उसका सामान निकलवाकर अपनी कार में लगवा रहे थे इसका वीडियो किसी ने बनाकर एसपी को भेज दिया। जिस पर इस मामले में एसपी ने उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
सर्वेश चौकी इंचार्ज रामापुर बने
लखीमपुर खीरी। एसपी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि साइबर सेल के प्रभारी एसआई सर्वेश पाल को रामापुर चौकी का प्रभारी बनाया गया है। अभी सर्विलांस सेल प्रभारी के पद पर किसी की तैनाती नहीं की गई है। संवाद
सुबह चौकी का औचक निरीक्षण कराया गया तो इबरार को बिना किसी कारण चौकी पर बैठाने का मामला सही मिला। यह उच्चतम न्यायालय की गाइड लाइन का सीधा उल्लंघन है। इसलिए चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ भी जांच कराई जा रही है। इसके अलावा सीज कार के पार्ट्स बदलने का वीडियो मिला है, इस मामले में भी जांच के निर्देश दिए हैं।
- सत्येंद्र कुमार सिंह, एसपी
घटनाएं रोकें..या कार्रवाई को तैयार रहे प्रभारी निरीक्षक
लखीमपुर खीरी। अमर उजाला में छपी ‘थाना प्रभारियों के खेल के आगे अफसर फेल’ खबर का असर यह हुआ कि एसपी ने मितौली, तिकुनियां और मैगलगंज के प्रभारी निरीक्षकों के साथ हल्का दरोगाओं को तलब किया। सभी चोरी-लूट की घटनाओं पर थाना प्रभारियों से पूछताछ की। कड़ी नाराजगी जताते हुए घटनाओं का खुलासा शीघ्र करने के निर्देश दिए।
जुलाई माह से जिले में चोरी, लूट की घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। इसे कम रखने के लिए थाना प्रभारी कहीं घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं करते तो कहीं धाराओं में खेल कर रहे थे। अमर उजाला ने सात अगस्त के अंक में ‘थाना प्रभारियों के खेल के आगे अफसर फेल’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से छापी थी। इस पर एसपी सत्येंद्र कुमार सिंह ने थाना प्रभारियों और दरोगाओं को तलब किया। सभी घटनाओं की जानकारी ली और बीट पुलिसिंग की समीक्षा की। एसपी ने घटनाओं के दर्ज करने पर किए जा रहे खेल पर सख्त नाराजगी जताई । उन्होंने गश्त बढ़ाने और बीट पुलिसिंग को ईमानदारी से लागू करने के कड़े निर्देश दिए। साफ शब्दों में कहा कि घटनाएं रोंके, या फिर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। एसपी की फटकार के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। एसपी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित थाना प्रभारियों और हल्का दरोगाओं को बुलाकर घटनाओं की समीक्षा की गई है। जल्द ही खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। संवाद