लखीमपुर खीरी। भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहनों को मुख्यमंत्री योगी ने रोडवेज की बसों में रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा का उपहार दिया है, जो सोमवार रात 12 बजे तक ही मान्य होगी। दिल्ली सहित अन्य लंबी दूरी से आने वाली महिलाओं को आधी रात के बाद गंतव्य तक का टिकट बनवाने के लिए राशि देनी होगी।
पिछले सालों की तरह ही इस बार भी रक्षाबंधन पर योगी सरकार ने महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कराने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर लखीमपुर और गोला डिपो प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। फ्री यात्रा का लाभ सोमवार रात 12 बजे तक ही मिलेगा। इस दौरान परिचालक महिलाओं को टिकट तो देंगे, लेकिन उनसे इसका मूल्य नहीं लेंगे।
रात 12 बजे तक मिलेगा शून्य मूल्य का टिकट
फ्री यात्रा करते समय महिलाओं को टिकट लेना होगा। मगर, इसके लिए परिचालक को रुपये नहीं देने होंगे। वहीं जो महिलाएं दिल्ली से आ रही हैं, उनकी रात 12 बजे तक यात्रा फ्री रहेगी, लेकिन 12 बजते ही बस जिस शहर में होगी वहां से गंतव्य तक के टिकट के लिए किराया देना होगा।
श्रवण नक्षत्र और प्रीति आयु योग में बांधें राखी
सोमवार को रक्षाबंधन का विशेष महत्व है, क्योंकि इस दिन श्रवण नक्षत्र और सर्वार्थसिद्धि योग बन रहा है। बहने सुबह 08:36 से रात 08:27 तक यानि पूरे दिन भाइयों को राखी बांध सकेंगी।
हालांकि दोपहर 01:35 से शाम 04:35 तक प्रीति आयु योग बन रहा है। इस दौरान राखी बांधना विशेष फलदायी होगा। देवकली तीर्थ के ज्योतिषाचार्य पंडित प्रमोद दीक्षित बताते हैं कि सोमवार को 08:35 तक भद्रा है। इसके बाद रात 08:27 बजे पूर्णिमांत तक राखी बांधने का मुहूर्त। उन्होंने बताया कि दोपहर 01:35 से शाम 04:35 तक का समय राखी बांधने के लिए अत्यंत शुभ है।
पूरे दिन रहेगा श्रवण नक्षत्र
ज्योतिषाचार्य पंडित प्रमोद दीक्षित ने बताया कि सोमवार को पूरे दिन श्रवण नक्षत्र रहेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यह बेहद शुभ नक्षत्र है। श्रवण नक्षत्र में राखी पर्व का होना शुभता में और वृद्धि करता है। रक्षाबंधन पर्व पर सोमवती पूर्णिमा के साथ सर्वार्थसिद्धि योग, प्रीति और दीर्घायु देने वाला आयुष्मान नाम का विशेष शुभ बन रहा है।
त्योहार पर पुलिस, प्रशासन रहा चौकस, पैदल गश्त कर की चेकिंग
रक्षाबंधन को लेकर पुलिस चौकस रही। पुलिस ने पैदल गश्त कर वाहनों की चेकिंग की। संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली। बिना मास्क और हेलमेट के मिले लोगों पर कार्रवाई की और जुर्माना वसूला।
त्योहार के दिनों पर अचानक चेन, कुंडल और पर्स छिनैती जैसी घटनाएं बढ़ जाती हैं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस काफी सतर्क रही। प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्रा ने शहर में पैदल गश्त की। इस दौरान वाहनों की चेकिंग भी की गई। संदिग्ध मिले लोगों को रोककर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की। उनका वेरीफिकेशन किया। तब जाने दिया गया। बिना मास्क लगाए घरों से निकले लोग भी पुलिस के निशाने पर रहे। पुलिस ने बिना मास्क और हेलमेट न पहनने वालों से जुर्माना वसूला।
गोला गोकर्णनाथ एसडीएम अखिलेश यादव, सीओ आरके वर्मा, कोतवाल अनिल कुमार यादव ने दलबल के साथ नगर की प्रमुख सड़कों पर गश्त कर लोगों को लॉकडाउन का पालन करने और बिना मास्क लगाए न निकलने की ताकीद की। अधिकारियों ने कहा कि दो दिन की साप्ताहिक बंदी में रविवार को राखी और मिठाई खरीदने के लिए निकलने वाले लोगों को छोड़कर शेष बेवजह घूमने वालों पर सख्ती की गई।
ममरी जिला प्रशासन के निर्देश पर साप्ताहिक बंदी और लाकडाउन का पालन कराने के लिए निकली हैदराबाद थाना पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मार्केट में मेडिकल स्टोर, राखी, मिठाई को छोड़कर जो भी दुकान खुली मिली उन्हें तुरंत बंद कराया, साथ ही जो भी लोग मास्क लगाए बगैर घूमते मिले उन्हें कड़ी फटकार लगाई। एसओ सुनीत कुमार ने ऐसे मिठाई, राखी बेचने वाले दुकानदारों की भी फटकार लगाई जो सामाजिक दूरी का उल्लंघन कर दुकान के सामने भीड़ लगाए थे।
रविवार को खुली मिठाई और राखी की दुकानें, खूब हुई बिक्री
लखीमपुर खीरी रक्षाबंधन से एक दिन पहले मिठाई और राखी की दुकानें खुलने से खरीदारों को भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से शुरू हुआ राखी और मिठाई खरीदने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान प्रमुख दुकानों पर मिठाई तक कम पड़ गई।
जिला प्रशासन ने त्योहार को लेकर लॉकडाउन में भी राखी और मिठाई की दुकानें खोलने की अनुमति दी। इससे रविवार सुबह दुकानें खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रमुख दुकानों पर मिठाई खरीदने के लिए दिन भर मारामारी मची रही। मिठाई के लिए रात तक दुकानों पर भीड़ बनी रही। कुछ ऐसा ही हाल राखी की दुकानों का भी रहा। राखी खरीदने के लिए बहनों की भीड़ लगी रही। बहनों ने छोटे भाइयों के लिए लाइट, गुड्डे वाली तो बड़े भाईयों के लिए मोती, स्टोन आदि प्रकार की राखी खरीदी। ऐसे में लॉकडाउन के बावजूद बाजार में काफी भीड़ बनी रही।
इधर, मिठाई और राखी का कारोबार 50 लाख के पार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।