रामनगर व चौखड़िया रोड के पास जलभराव। संवाद
मैगलगंज। बरसात का मौसम शुरू होने के बावजूद मैगलगंज कस्बे में नालों की समुचित सफाई और कहीं-कहीं नालियों की मरम्मत नहीं हुई है। रामनगर मोहल्ले और चौखड़िया रोड क्षेत्र में जलभराव की आशंका से लोग चिंतित हैं।
रामनगर मोहल्ले के मुख्य नाले में कई स्थानों पर सिल्ट और कूड़ा जमा है। नाली की किनारी टूटने से पानी का बहाव प्रभावित होकर सड़क पर आने लगता है। चौखड़िया रोड के नालों में भी लंबे समय से सफाई न होने के कारण गाद भरी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हर वर्ष बरसात में नालों का पानी सड़कों पर आने से आवागमन बाधित होता है और घरों में पानी घुसने का खतरा रहता है। कस्बावासियों का आरोप है कि बरसात से पहले नालों की सफाई का अभियान कागजों तक सीमित दिखाई दे रहा है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर पानी भरने से ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार प्रभावित होता है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से रामनगर और चौखड़िया रोड सहित पूरे कस्बे के नालों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विवेक सिन्हा ने बताया कि कुछ दिन पहले सफाईकर्मियों की टीम ने सफाई की थी और ग्राम पंचायत की ओर से सफाई होती रहती है। खंड विकास अधिकारी मोहित कौशिक ने बताया कि मैगलगंज में नाले की सफाई कराई गई थी। अभी कहीं समस्या है तो ग्राम प्रधान या सचिव से कहकर जल्द सफाई कराई जाएगी।