लखीमपुर खीरी। बारिश के बाद धान की फसल ने रफ्तार पकड़ी तो यूरिया की जरूरत भी बढ़ गई, लेकिन ऐन वक्त पर सिस्टम ने खाद वितरण पर ब्रेक लगा दिया है। जिले में कहीं सर्वर की तकनीकी खराबी से पीओएस (ई-पॉस) मशीनें नहीं चल रहीं तो कहीं समितियों पर यूरिया का स्टॉक खत्म है।
बिजुआ, निघासन और बेहजम क्षेत्र में बुधवार को कई समितियों पर वितरण प्रभावित होने से किसानों को मायूस लौटना पड़ा। वहीं, धौरहरा की गुदरिया बी-पैक्स समिति पर किसानों ने निर्धारित 266.50 रुपये के बजाय 280 रुपये प्रति बोरी लेने का आरोप लगाया है। समिति अध्यक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यूरिया निर्धारित दर पर दी जा रही है और अतिरिक्त राशि बोरियां लादने के लिए मजदूर लेते हैं।
बिजुआ क्षेत्र की दाउदपुर, गोंधिया, भीरा, बस्तौली, भदेंड़ और रमुआपुर समितियों में ई-पॉस मशीनें नहीं चलने से वितरण ठप रहा। भानपुर समिति में यूरिया का स्टॉक खत्म है, जबकि पड़रिया तुला और बिजुआ में बेहद धीमी गति से वितरण हो रहा है। कांप, मूडासवारान और रामनगर में भी खाद उपलब्ध नहीं है।
निघासन क्षेत्र की पैक्स और साधन सहकारी समितियों पर भी बुधवार को सर्वर फेल होने से वितरण नहीं हो सका। निघासन, नौरंगाबाद, खैरीगढ़ और सिंगाही समेत कई समितियों पर सुबह से किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। सर्वर से कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण घंटों इंतजार के बाद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
किसानों का कहना है कि धान की फसल में इस समय यूरिया डालना जरूरी है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसल की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। निघासन बी-पैक्स के सचिव कौशल चतुर्वेदी ने बताया कि सर्वर संबंधी तकनीकी समस्या के कारण पीओएस मशीनें काम नहीं कर रही हैं।
-
600 बोरी यूरिया मौजूद, सर्वर ने रोका वितरण
बेहजम। विकासखंड बेहजम की साधन सहकारी समिति बी-पैक्स अछनिया में सर्वर डाउन होने से यूरिया का वितरण नहीं हो सका और किसानों को लौटना पड़ा। समिति में 600 बोरी यानी 27 एमटी यूरिया उपलब्ध है। सचिव रंजना राठौर ने बताया कि सर्वर की दिक्कत है। बृहस्पतिवार तक दो ट्रक यूरिया और आनी है। समिति पर खाद की कमी नहीं है। संवाद
गुदरिया बी-पैक्स पर अधिक कीमत लेने का आरोप
धौरहरा। गुदरिया बी-पैक्स समिति के कर्मचारियों पर किसानों ने सरकारी दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने का आरोप लगाते हुए एसडीएम राशि कृष्णा से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
गुदरिया निवासी किसान तेज नारायण, गुलाब राम, सियाराम और हीरालाल का आरोप है कि बी-पैक्स पर 266.50 रुपये प्रति बोरी मिलने वाली यूरिया 280 रुपये में बेची जा रही है। उन्होंने समिति में खाद वितरण में अनियमितता और सरकारी दर का पालन नहीं होने का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष इंद्र कुमार शुक्ला पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
एसडीएम राशि कृष्णा ने बताया कि अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। वहीं, बी-पैक्स गुदरिया के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शुक्ला ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यूरिया का वितरण निर्धारित दर पर ही होता है। खाद की बोरियां लादने के लिए मजदूर पैसे लेते हैं। संवाद