लखीमपुर खीरी। ऐशबाग मैलानी के बीच हो रहे रेल विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को रेल विकास निगम के मुख्य परियोजना निदेशक शुक्रवार को दिल्ली से लखीमपुर पहुंचे। उन्होंने टॉवर वैगन से सीतापुर फरधान तक लगाए जा गए विद्युत पोल और केबिल डालने के कार्य को देखा और परखा। मातहतों को अक्तूबर तक काम पूरा करने के निर्देश दिए।
रेल विकास निगम के वरिष्ठ प्रबंधक जगन्नाथ मिश्रा ने बताया कि परियोजना निदेशक नई दिल्ली दिनेश चंद्र पांडेय, मुख्य परियोजना अधिकारी संजीव सहगल के साथ शुक्रवार को लखनऊ से सीतापुर, लखीमपुर होते हुए फरधान स्टेशन पहुंचे। टॉवर वैगन से रेल विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युतीकरण कार्य की समीक्षा कर कार्यदायी संस्था कपलतरु पावर ट्रांसमिशन के उपाध्यक्ष इंद्रजीत को अक्तूबर में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय से काम पूरा कराएं, जिससे नवंबर में सीतापुर-लखीमपुर रेल विद्युतीकरण का रेल संरक्षा आयुक्त से निरीक्षण कराया जा सके। इस दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर अनूप कुमार, योगेश मिश्रा, प्रबंधक सुभाष त्रिपाठी, डिप्टी मैनेजर श्रीनिवास जेना, अभयकांत झा एवं यातायात निरीक्षक अरुण सेन आदि मौजूद रहे।