एसीएन ने निरीक्षण कर जाना यात्री सुविधाओं का हाल
करीब दो घंटे तक स्टेशन का निरीक्षण किया
लखीमपुर खीरी। रेलवे की यात्री सुविधा समिति सदस्य एसीएन मंगलवार को स्टेशन पहुंचे। वहां मौजूद प्रभारी स्टेशन अधीक्षक से यात्री सुविधाओं की जानकारी ली और उसके बाद प्लेटफार्म नंबर एक और दो का निरीक्षण किया। इस दौरान जो कमियां दिखी उन्हें दूर कराने के लिए संबंधित जिम्मेदारों को निर्देश दिए।
स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए रेलवे ने यात्री सुविधा समिति गठित की है। जिसके सदस्य समय समय पर स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की जानकारी लेते हैं। इसके तहत मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे समिति सदस्य एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजेश कुमार श्रीवास्तव स्टेशन पहुंचे और दोनो प्लेटफार्म का निरीक्षण कर पेयजल, शौचालय, टिकट विंडो, प्रतीक्षालय एंव प्लेटफार्म पर बैठने आदि की व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने बताया कि मैलानी के बाद ट्रेन का संचालन शुरू होने पर सीटों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता होगी। साथ ही एसीएन ने रेलवे कॉलोनी और ट्रैक के बीच में बैरिकेटिंग कराने के साथ आरपीएफ, जीआरपी की बैरक की जर्जर हालत सुधारने के निर्देश दिए। लोगों ने स्टेशन से मोहल्ला में आने के लिए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराने की मांग की। इस मौके पर एसएससी सुभाष सिंह, स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार, अजय कुमार, मदन सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह, जीआरपी थानाध्यक्ष अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।