मैगलगंज में खाद गोदाम का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को कृषि विभाग, पुलिस और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर खाद की दुकानों पर छापा मारा। इसमें अधिकारियों ने 64 दुकानों का निरीक्षण किया और 35 नमूने लिए। दो दुकानों का लाइसेंस निलंबित किया गया और 15 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। एक दुकान की खरीद-बिक्री पर रोक लगाई गई है।
भूमि संरक्षण अधिकारी गोमती रामशिष्ट ने तहसील गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में खाद दुकानों को चेक किया। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने तहसील मितौली एवं मोहम्मदी क्षेत्र की दुकानों पर छापा मारा। कृषि रक्षा अधिकारी इंद्रेश कुमार गौतम ने तहसील लखीमपुर क्षेत्र में दुकानें चेक कीं। भूमि संरक्षण अधिकारी जिला योजना प्रमोद कुमार ने पलिया और निघासन क्षेत्र में खाद दुकानों की जांच की। जमुनाबाद फार्म के प्रक्षेत्र प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने तहसील धौरहरा क्षेत्र में छापा मारा। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मैगलगंज में मंडी स्थित कृषक सेवा केंद्र में बफर गोदाम से संबंधित कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए, जिससे इस प्रतिष्ठान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए खाद की बिक्री पर रोक लगाई है।