राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने लवप्रीत के परिवार वालों के साथ करीब आधा घंटा का समय बिताया। लवप्रीत के माता-पिता को उन्होंने गले से लगाया। दोनों ही लोग परिजन के साथ बैठे और पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उनके परिवार के अन्य सदस्य भी वहां मौजूद रहे।
मंत्री को होना चाहिए बर्खास्त : प्रियंका गांधी
रमन कश्यप के परिवार वालों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि लवप्रीत को कुचला गया है और जिस मंत्री के बेटे ने कुचला, वह अभी भी मंत्री है। जब तक वह मंत्री रहेंगे, निष्पक्ष जांच कैसे हो सकती है। उनका बेटा इस मामले में आरोपी इसलिए मंत्री को बर्खास्त करके उनके बेटे को गिरफ्तार करना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के किसानों के साथ जो हो रहा है हम उसके खिलाफ लड़ रहे हैं। दोनों परिवारों ने कहा है कि वे न्याय चाहते हैं। हम यहां न्याय दिलवाने आए हैं और यह लड़ाई चलती रहेगी। यहां आने से मुझे रोका गया, यह बड़ा सवाल नहीं है। बड़ा सवाल यह है कि यहां किसानों को कुचला गया है। किसानों की हत्या बड़ी बात है।
परिजन बोले- प्रियंका-राहुल ने बढ़ाई हिम्मत
लवप्रीत के परिजन ने कहा कि प्रियंका और राहुल गांधी ने हमारी हिम्मत बढ़ाई है। मुआवजा सब कुछ नहीं है, हमें न्याय चाहिए। उन्होंने हमारी बात पूरे ध्यान से सुनकर मदद का आश्वासन दिया है। वहीं, रमन कश्यप के परिजन ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंपी है। राहुल गांधी ने उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।