लखीमपुर खीरी/बेहजम। जिले में खाद के लिए किसानों की परेशानी मंगलवार को भी कम नहीं हुई। कहीं समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं होने से वितरण नहीं हो सका तो कहीं सर्वर की तकनीकी खराबी ने किसानों का इंतजार बढ़ा दिया।
सुबह से कतार में लगे कई किसानों को आखिर में खाली हाथ लौटना पड़ा। विभागीय अधिकारी समितियों पर पर्याप्त खाद होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन कुछ समितियों पर खाद नहीं मिलने और कहीं सर्वर की समस्या से वितरण प्रभावित होने से किसान परेशान हैं।
फूलबेहड़ क्षेत्र की अधिकांश समितियों में मंगलवार को यूरिया का वितरण नहीं हुआ। इफको और कृभको के अलावा बी-पैक्स फूलबेहड़, सरवा, सैदापुर, हांथीपुर गणेशगंज और सुंदरवल समेत कई समितियों पर यूरिया नहीं बंटी। वहीं, बेहजम की साधन सहकारी समिति अछनिया और अंदापुर गौरिया में खाद न होने से मंगलवार को वितरण नहीं हो सका।
हालांकि, मंगलवार दोपहर बाद अछनिया समिति पर 600 बोरी खाद लेकर एक ट्रक पहुंचा। इसका वितरण बुधवार को होने की बात कही गई है। लेखाकार सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि वितरण की तैयारी पूरी कर ली गई है। समिति अध्यक्ष संजय दीक्षित ने बताया कि 54 एमटी खाद और आनी है। वहीं, बी-पैक्स अंदापुर गौरिया में खाद न होने से किसानों को लौटना पड़ा।
ठप रहा सर्वर, बिना खाद लौटे किसान
मैगलगंज। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) कल्लुआ मोती (बिछिया) में मंगलवार को सर्वर की तकनीकी खराबी से खाद वितरण पूरी तरह ठप रहा। सुबह से खाद लेने पहुंचे किसान घंटों कतार में खड़े रहे, लेकिन वितरण शुरू नहीं हो सका। आखिरकार उन्हें बिना खाद मायूस लौटना पड़ा। समिति सचिव राजन सिंह ने बताया कि सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार को खाद वितरण नहीं हो सका।
-
नया सर्वर भी गड़बड़ कर रहा है, जिसके चलते खाद वितरण में दिक्कत आ रही है। समितियों पर पर्याप्त खाद है। सर्वर ठीक चले तो कोई दिक्कत न हो। उच्चाधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है।
-प्रवीण कुमार, एआर कोऑपरेटिव