जनाजा निकालने के लिए सड़क से पानी उलचते ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
बेहजम। अछनिया में आखिरी सफर की राह भी पानी में डूबी है। ग्राम पंचायत अछनिया से मलिगवां तक संपर्क मार्ग पर करीब दो फुट जलभराव के कारण मंगलवार को जनाजा निकालना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने पहले सड़क पर भरा पानी उलचना शुरू किया। इसके बाद ग्राम प्रधान ने पंपिंग सेट लगवाकर पानी निकलवाया, तब जनाजा निकाला जा सका।
यह रास्ता लोहटी, मलिगवां होते हुए कई गांवों को जोड़ता है। उच्च प्राथमिक विद्यालय अछनिया भी इसी मार्ग पर है। स्कूली बच्चों को भी इसी जलभराव और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
सोमवार को अछनिया निवासी शाकिर की पत्नी का निधन हो गया था। मंगलवार को उनका जनाजा निकालने में सड़क का जलभराव बाधा बन गया। मोहल्ले और गांव के लोग एकत्र होकर पानी उलचने लगे। यह देखकर ग्राम प्रधान अछनिया ने पंपिंग सेट लगवाकर सड़क से पानी निकलवाया। इसके बाद जनाजा निकाला गया।
प्रधान पति जमाल अहमद ने बताया कि यह सड़क जिला पंचायत से बनाई गई थी और तब से इसकी मरम्मत नहीं हुई। करीब दो महीने पहले जिला पंचायत के अधिकारी लखीमपुर से आए थे और नाप-जोख की थी, लेकिन सड़क नहीं बन सकी।
जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर वर्मा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। आज तक किसी ने उन्हें सड़क टूटी होने के बारे में नहीं बताया।