पौराणिक शिव नगरी छोटी काशी में सावन माह में लाखों की संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने आते हैं और गोकर्ण तीर्थ के निर्मल जल में स्नान कर पुण्य कमाते हैं।
कई महीनों से सौंदर्यीकरण चलने के कारण गोकर्ण तीर्थ जलविहीन था, सावन माह शुरू होने से पहले नगर पालिका परिषद द्वारा गोकर्ण तीर्थ की तली झाड़ सफाई कर मेला मैदान के निकट नलकूप से स्वच्छ निर्मल जल भरा है।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल के आदेशानुसार गोकर्ण तीर्थ के चारों ओर साफ सफाई की व्यवस्था में सफाई कर्मी लगे हुए हैं।
-----------------
भूतनाथ मंदिर पर अव्यवस्थाओं का अंबार
गोला गोकर्णनाथ। एक तरफ सावन मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारी खूब दंभ भर रहे हैं। सावन मेला शुरू होते ही शिव भक्त पौराणिक शिव मंदिर में दर्शन करने के बाद भूतनाथ बाबा के दर्शन को जाते हैं। भूतनाथ मंदिर पर किसी भी अधिकारी ने अब तक जाने की जरूरत नहीं समझी है। अधिकारियों ने वहां व्याप्त अव्यवस्थाओं में सुधार का भी किसी को आदेश नहीं दिया है। भूतनाथ मंदिर के महंत मनोज गिरि ने बताया कि मंदिर के बाहर लगे तीन इंडिया मार्का हैंडपंप छह माह से खराब हैं। जिनको अब तक ठीक नहीं कराया गया है। मंदिर के आसपास झाड़ झंखाड़ और गंदगी व्याप्त है। मंदिर जाने वाला मार्ग कई जगह से जर्जर होकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है। बताया कि इसी रास्ते से लाखों श्रद्धालु यहां बाबा के दर्शन को आएंगे। समय रहते समस्याओं से निजात न दिलाई गई तो श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
--
कंजा मंदिर पर सावन भर होगा भंडारा
गोला गोकर्णनाथ। मोहम्मदी रोड स्थित कंजा देवस्थान हनुमान मंदिर आश्रम के सेवादार राजेश गुप्ता गुड्डन और अवधेश जायसवाल ने बताया कि आश्रम पर सावन माह भर रात दिन फलाहार का भंडारा अनवरत जारी रहेगा। यहां कांवड़ लेकर आने वालों के ठहरने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। नव निर्मित मंदिर में स्थापित किए गए द्वादश ज्योतिर्लिंग का श्रद्धालु दर्शन करेंगे।