पलियाकलां। पंजाब के एक थाने में नारकोटिक्स से संबंधित दर्ज मुकदमे को लेकर पंजाब पुलिस ने पलिया में छापा मारा। यहां पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर स्वामी को हिरासत में लिया है। इसको स्थानीय पुलिस के सहयोग से पंजाब पुलिस अपने साथ लेकर गई है। बताया जाता है कि पंजाब पुलिस के साथ पकड़े गए दो अभियुक्त भी साथ आए थे।
पंजाब में नारकोटिक्स से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें दो अभियुक्तों को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने पलिया में एक मेडिकल स्टोर से संबंधित माल खरीदे जाने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद पंजाब पुलिस उक्त दोनों अभियुक्तों को लेकर रविवार को पलिया पहुंची और पुराना बस स्टैंड के पास एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
यहां पुलिस ने मेडिकल स्टोर स्वामी को हिरासत में लिया है। साथ ही स्थानीय पुलिस को बुलाकर उक्त मेडिकल स्टोर स्वामी को अपने साथ लेकर गई है। मामले में थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पंजाब में मामला दर्ज था, जिसके बाद पुलिस यहां आई थी और एक मेडिकल स्टोर स्वामी को लेकर अपने साथ गई है। बाकी आगे की कार्रवाई वही करेंगे। पंजाब में मामला दर्ज होने के कारण उनका सहयोग करने का कार्य स्थानीय पुलिस ने किया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो अवैध क्लीनिक सील कीं
बांकेगंज। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाकर छापा मारा। भनक लगते ही अवैध रूप से क्लीनिक चला रहे झोलाछाप दुकान बंद कर भाग गए। अधीक्षक डॉ. एके सिंह ने बताया कि सीएचसी क्षेत्र में अवैध रूप से अस्पताल चला रहे लोगों के खिलाफ डॉ. डीके यादव के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुकरा और जटपुरा गांव में दो क्लीनिक बंद मिले। इस पर दोनों को सील कर दुकानों पर नोटिस चस्पा किया गया। इसकी सूचना सीएमओ को भेज दी गई। संवाद