लखीमपुर खीरी/ममरी। भीषण गर्मी के बीच जिले में बिजली संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कटौती और शहरों में फॉल्ट से उपभोक्ता परेशान हैं। पलिया में लोगों ने प्रदर्शन किया, जबकि तिकुनिया में बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया।
ममरी में हैदराबाद फीडर से जुड़े दर्जनों गांवों में रात सात से 12 बजे तक बिजली कटौती होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत के लिए अधिकारियों को फोन करने पर भी जवाब नहीं मिलता। रोशननगर, ममरी, जनकपुर, सेखवापुर, कैमा, परेली, बाबरपुर, जमुनहां, रामपुर, सौखियां, अंबरपुर, दुलीपुर, वृंदावन, बोझवा, घमहाघाट और भगतपुर समेत कई गांव प्रभावित हैं। कटौती के कारण इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं।
हैदराबाद के जेई अर्जुन सिंह ने बताया कि रोस्टिंग, ब्रेकडाउन और लोकल फॉल्ट के कारण आपूर्ति प्रभावित होती है। नियमित कटौती नहीं की जाती।
-
पलिया में प्रदर्शन, विधायक ने दिए निर्देश
पलियाकलां। मोहल्ला अहिरान में बिजली लाइन के तार खराब होने से दो दिन तक आपूर्ति बाधित रही। इससे नाराज लोगों ने बिजली निगम और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
लोगों ने विधायक रोमी साहनी से शिकायत की। विधायक ने मौके से ही एक्सईएन निशान ज्योति को फोन कर तत्काल केबल डालकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग ने टीम भेजकर तार बदलने का काम शुरू कराया। व्यापार मंडल अध्यक्ष के साथ जसवीर फ्लोरा, श्यामानंद, रघुनाथ राठौर, अनूप कनौजिया, सतीश बाजपेई, गोपाल वर्मा, मनीष राठौर, कुंदन राठौर, हरीश अरोड़ा, विनोद साहनी और संदीप सूरी ने भी खराब ट्रांसफार्मर और जर्जर तार जल्द दुरुस्त कराने की मांग की। संवाद
बिजली आंदोलन में शामिल हुए अन्य किसान संगठन
-मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
तिकुनिया। बिजली उपकेंद्र पर ओवरलोडिंग और रोस्टिंग के विरोध में किसानों का आंदोलन रविवार को और तेज हो गया। शनिवार से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने में भारतीय किसान क्रांति, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), नव भारती किसान संगठन और तिकुनिया प्रेस क्लब के लोग भी शामिल हो गए।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के विधानसभा अध्यक्ष जयमल सिंह ने कहा कि बिजली केवल किसानों ही नहीं, बल्कि आम जनता की भी समस्या है। इसमें किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और छात्र सभी प्रभावित हैं।
किसानों का कहना है कि वर्ष 2023 से तिकुनिया उपकेंद्र पर 10 एमवीए ट्रांसफाॅर्मर लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक पूरी नहीं हुई। धरने में प्रगट सिंह, कयामुद्दीन, राहुल, आशा कुमार, सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, कृष्णा जायसवाल, जसपाल सिंह पाला, प्रेस क्लब के लवकुश कुमार, पप्पू सिंह और आलोक विश्वकर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
तिकुनिया पावर हाउस के एसडीओ निशांत कुशवाहा ने बताया कि पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही सामग्री पहुंचने के साथ स्थापना का कार्य शुरू होगा।
तिकुनिया बिजली उपकेंद्र पर आंदोलन करते किसान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता। संवाद