पलियाकलां। पटिहन ग्राम पंचायत के खुशीपुर गांव में बाघ के हमले में युवक की मौत के अगले दिन ग्रामीणों ने प्रशासन का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों के आक्रोश के बाद तहसील प्रशासन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए।
ग्रामीणों ने देर शाम तक युवक का अंतिम संस्कार नहीं किया। मंगलवार सुबह एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ग्रामीणों से वार्ता शुरू हुई। काफी देर चली बातचीत के बाद विभिन्न मांगों पर सहमति बनाते हुए समझौता किया गया।
दरअसल, सोमवार दोपहर बाघ के हमले में 20 वर्षीय रोहित की मौत हाे गई थी। मंगलवार सुबह एसडीएम पुष्पक तोमर, तहसीलदार कमलेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अखिलेश श्रीवास्तव, सीओ अभिमन्यु त्रिपाठी, सीओ निघासन शमशेर बहादुर सिंह गांव पहुंचे। इसके अलावा पलिया रेंजर विनय कुमार सिंह, कांग्रेस किसान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ब्रज मौर्य सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों और प्रशासन के बीच हुए लिखित समझौते में प्रमुख रूप से बाघ को पकड़ने और वन्यजीवों के हमले रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर सहमति बनी। समझौते के अनुसार, बाघ के पकड़े जाने तक वन विभाग की टीम अपने संसाधनों के साथ गांव के आस-पास मौजूद रहेगी। भविष्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
समझौते में यह भी कहा गया है कि यदि वन विभाग का कोई कर्मचारी लापरवाही या दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार को तकरीबन आठ लाख का मुआवजा, पात्रता के अनुसार भूमि पट्टा आवंटन और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास दिलाने की कार्रवाई का भी आश्वासन दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई वार्ता के बाद लिखित समझौते पर पक्षकारों ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद मामले को शांत कराने और आगे की कार्रवाई को लेकर सहमति बनी। मामला शांत होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पलिया तहसील के गांव खुशीपुर में मृतक का गमजदा परिवार। संवाद