गांव झसिया में मौके का निरीक्षण करते खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार। संवाद
लखीमपुर खीरी/खीरी टाउन। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत झसिया में वर्षों से बदहाल सड़क पर जलभराव और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों की विरोध की ‘धान रोपाई’ रंग लाई है। खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को जल्द निर्माण कराने के लिए आश्वस्त किया।
बीडीओ ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में सड़क पर कीचड़ और जलभराव से स्कूली बच्चों, किसानों, बुजुर्गों और मरीजों का निकलना मुश्किल हो जाता है। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर विरोध जताया था।
निरीक्षण के बाद बीडीओ ने जलभराव वाले हिस्से में तत्काल रबिश डलवाकर आवागमन सुचारु कराया। साथ ही करीब 200 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क और दोनों ओर नालियों का निर्माण कराने की बात कही। परियोजना पर लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की उम्मीद जगने से उन्हें राहत मिलेगी।