धौरहरा की मुख्य सड़क पर धान और केले की रोपाई करते युवा- संवाद
धौरहरा। कस्बे में जल जीवन मिशन के तहत खोदाई कर पाइप लाइन डालने के बाद सड़क को ऐसे ही छोड़ दिया गया। बरसात में यहां भीषण कीचड़ हो गया है। इससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल है। इससे नाराज युवाओं ने बुधवार को सड़क पर केले के पौधे रोपकर जिम्मेदारों के खिलाफ नारे लगाए। कुछ लोगों ने धान भी बो दिए।
धौरहरा कस्बे की मुख्य सड़क कोतवाली से ब्लॉक व तहसील कार्यालय को जोड़ती है। इस सड़क को खोदकर जल निगम ने पानी आपूर्ति के लिए पाइप लाइन डाली, पर एक साल बाद भी इसे ठीक नहीं कराया। इस वजह से बरसात के दिनों में यह सड़क काफी खराब हो चुकी है।
सड़क पर गड्ढे होने से जलभराव और कीचड़ का आलम यह है कि लोगों का निकलना तक मुश्किल हो रहा है। बाइक सवार, बुजुर्ग और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन एक साल से इसे ठीक नहीं कराया गया। इसके विरोध में समाज सेवी राजहंस की अगुआई में युवाओं ने प्रदर्शन किया।
जल जीवन मिशन के ठेकेदारों को यह सड़क बनानी थी, लेकिन बरसात की वजह से काम नहीं हो पा रहा है। सड़क को जल्द ही बनवाया जाएगा।
-गौरव सिंह, ईओ, नगर पंचायत