मझगईं के हुलासीपुरवा के आरोपी के कुर्क किए गए वाहनों संग तहसीलदार व अन्य। स्रोत : पुलिस
पलियाकलां/मझगईं। मझगईं थाना के हुलासीपुरवा गांव निवासी एक गैंगस्टर एक्ट के आरोपी व जहरीली शराब बनाकर बेचकर अर्जित की गई करीब तीन लाख रुपये की अवैध संपत्ति को तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कुर्क किया।
पलिया सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि हुलसीपुरवा गांव निवासी वेदराम पुत्र गंगाराम पर आबकारी एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज थे। जहरीली शराब बनाकर बेचने का वह कार्य करता था। इसके तहत उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की गई थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अवैध रूप से अर्जित की गई तीन लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति को बुधवार को कुर्क करने की कार्रवाई की गई है।
तहसीलदार ज्योति वर्मा के नेतृत्व में मझगईं थाना प्रभारी राजू राव, गौरीफंटा कोतवाल सतीश चंद्र के साथ ही राजस्व व पुलिस की टीम ने पहुंचकर एक लाख रुपये की कीमत का ई-रिक्शा व दो लाख 50 हजार रुपये की कीमत का बजाज मैक्सिमा ऑटो को सीज कर कुर्क किया गया है।