लखीमपुर खीरी। जनपद में दलहनी और तिलहनी फसलों के उत्पादनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को उच्चकोटि के बीच उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि फसलों की अच्छी पैदावार हो सके और किसानों को उससे ज्यादा फायदा हो। इसके लिए किसानों को नि:शुल्क मिनीकिट वितरण की जाएगी।
कृषि विभाग की आंकड़ों के अनुसार जिले में वर्ष 2023-24 के रबी सीजन में दलहनी फसलों का रकबा 21,222 हेक्टेयर था, जबकि खरीफ में आठ हजार हेक्टेयर रकबा था। वर्ष 2024-25 में दोनों सीजन का रकबा बढ़ा। आंकड़ों पर नजर डाले को रबी सीजन का रकबा 22,171 हेक्टेयर हो गया, जबकि खरीफ का रकबा 8050 हेक्टेयर हो गया है।
अब प्रदेश सरकार ने अपने बजट में दलहनी एवं तिलहनी फसलों के क्षेत्राच्छादन, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के लिए निशुल्क मिनीकिट वितरण के लिए 50 करोड़ और प्रमाणित बीज उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए 251 करोड़ रुपये की व्यवस्था है।
जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी ने बताया कि दलहनी एवं तिलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए सरकार की यह अच्छी पहल है। इससे रकबा बढ़ने के साथ ही किसानों की आय बढ़ेगी। संवाद