मझगईं बाजार में खराब पड़ा हैंडपंप। संवाद
मझगईं। कस्बे में शनिवार और बुधवार को थाने के पीछे दो बार लगने वाली साप्ताहिक बाजार में समस्याओं का अंबार लगा है। पर्याप्त जगह न होने से दुकानदार सड़कें घेरकर दुकान लगाने के लिए मजबूर हैं।
उनका कहना है कि पहले थाने का निर्माण नहीं हुआ था, लेकिन अब चहारदीवारी बनने से बाजार के लिए जगह नहीं रह गई है।टिन शेड भी नहीं डाला गया है, जिससे अब निघासन मार्ग से उप खाद गोदाम होकर भारत गैस एजेंसी जाने वाले रास्ते पर दुकानें लगानी पड़ रही हैं। वर्षों से यहां लगने वाली इस दुकान में टिन शेड की भी कोई व्यवस्था नहीं है और न ही बाजार में पानी की कोई व्यवस्था है। बाजार में एक सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंप लगा हुआ है, जो महीनों से खराब पड़ा है।
दूरदराज से आने वाले दुकानदार व ग्राहक प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर होते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान से लेकर अधिकारियों तक से साप्ताहिक बाजार लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की बात कही जा चुकी है, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। प्रधान के पति नवीन पांडेय व ग्राम विकास अधिकारी बलराम राना से संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। संवाद