लखीमपुर खीरी। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित आईसीटी लैब के उपकरणों के रखरखाव और सुचारू संचालन को लेकर प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज लखनऊ में आयोजित होगा।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण में आईसीटी लैब में उपलब्ध उपकरणों के बेहतर रखरखाव और संचालन की जानकारी दी जाएगी। पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक और दूसरा सत्र अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि यह प्रशिक्षण राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में आईसीटी लैब के सुगम संचालन और वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
प्रशिक्षण में लखनऊ मंडल के छह जिलों के प्रधानाचार्य हिस्सा लेंगे। इनमें लखनऊ से 29, सीतापुर से 28, हरदोई से 20, लखीमपुर खीरी से 22, रायबरेली से 21 और उन्नाव से नौ प्रधानाचार्य शामिल होंगे।