प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद पर होने वाले चुनाव के लिए आरओ, एआरओ, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट बदल दिए जाएंगे। प्रशासन ने इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को पंचायत चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग के अधिसूचना लागू करने के बाद संबंधित चुनाव अधिकारियों को ब्लाकों और न्याय पंचायतों में नामित कर दिया जाएगा।
जिले में कुल 156 सेक्टर मजिस्ट्रेट 30 जोनल मजिस्ट्रेट चुनाव की निगरानी के लिए लगाए जाएंगे। सबसे ज्यादा 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट लखीमपुर 14 पसगवां और 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट मोहम्मदी ब्लाक में लगेंगे। वहीं मितौली, बेहजम, बिजुआ, ईसानगर और पलिया में 11-11 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। इसी क्रम में कुंभी और नकहा में 10-10, फूलबेहड़ और निघासन में 9-9, रमियाबेहड़ में आठ, धौरहरा और बांकेगंज में सात-सात सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए जाएंगे। इसी तरह हर ब्लाक में दो-दो जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर हुए चुनाव के दौरान जो अधिकारी ब्लाक क्षेत्रों में लगाए गए थे, प्रधान पद के चुनाव के दौरान उन्हें बदल दिया जाएगा। उनके मुताबिक अधिसूचना जारी होने के बाद ब्लाकों और न्याय पंचायतों में चुनाव अधिकारियों की तैनाती कर दी जाएगी।
इस चुनाव में बढ़ सकते हैं मतदाता और मतदान केंद्र
जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के चुनाव में जिले में 3746 मतदान स्थल और 1432 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन मतदान केंद्रों पर जिले के 2500671 मतदाता थे। प्रधान पद के चुनाव में मतदाता और मतदान केंद्रों के बढ़ने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
सूची में नाम बढ़वाने का आज आखिरी दिन
मतदाता सूची में छूटे हुए मतदाताओं का नाम बढ़वाने, संशोधित करने और गलत नामों के विलोपन की प्रक्रिया चल रही है। शनिवार को मतदाता सूची में नाम बढ़वाने के लिए आवेदन देने का आखिरी दिन है। जिसके बाद आवेदनों की जांच, फीडिंग और प्रकाशन की कार्रवाई की जाएगी।