शहर के मोहल्ला गोटैय्याबाग के मुस्लिम समाज के लोगों ने शिवानी कश्यप नामक लड़की का विवाह हिंदू रीति रिवाज से गायत्री मंदिर में कराया।
शिवानी की मां का स्वर्गवास बचपन में हो गया था। उसका बचपन मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच बीता। पिता रिक्शा चलाकर अपना पेट पालता था। उसे अपनी बेटी की शादी की चिंता थी। आसपास के मुस्लिम समाज के लोगों ने शिवानी की शादी का बीड़ा उठाया। सोमवार को गोटैय्याबाग मोहल्ले के लोगों ने बेगमबाग मोहल्ला निवासी कन्हैया लाल के साथ गायत्री मंदिर में शिवानी का विवाह करा दिया।
सभी ने मिलकर बारात का स्वागत किया और बारातियों के लिए भोजन का इंतजाम किया। युगल को उपहार भी दिए। विवाह में अयूब खां, लियाकत अली, साबिर अली, कैसर बेगम, सलीम खान, खैरूनिशा आदि बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने सहयोग किया। इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक यादव, सपा व्यापार सभा के अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, पशुपति नाथ शुक्ला, पारुल गुप्ता, अजय सिंह आदि समाजसेवी आशीर्वाद देने के लिए मौजूद रहे।